@जे0 के0……

SONBHADRA। जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास, सोनभद्र की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार जिले की विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं में कुल 201 रिक्त पदों पर पात्र महिला अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन प्रक्रिया 6 अगस्त 2026 से शुरू होकर 26 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक चलेगी।
विज्ञप्ति के अनुसार बभनी में 12, चतरा में 16, चोपन में 25, दुद्धी में 12, घोरावल में 36, म्योरपुर में 20, नगवां में 27 तथा राबर्ट्सगंज में 53 पद रिक्त हैं। पदों का केन्द्रवार, ग्रामसभा/वार्डवार एवं आरक्षण संबंधी विवरण संबंधित कार्यालयों के नोटिस बोर्ड तथा विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।

आवेदन के लिए केवल महिला अभ्यर्थी पात्र होंगी। न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट या समकक्ष निर्धारित है। मेरिट परास्नातक तक प्राप्त अंकों के प्रतिशत के आधार पर तैयार होगी, जबकि हाईस्कूल के अंक मेरिट में शामिल नहीं किए जाएंगे। आवेदिका की आयु 1 जुलाई 2026 को 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
आवेदन के लिए संबंधित ग्रामसभा अथवा शहरी क्षेत्र में संबंधित वार्ड की निवासी होना अनिवार्य है। चयन में निर्धारित नियमों के तहत स्थानीय विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता तथा अन्य पात्र महिलाओं को वरीयता दी जाएगी।
अभ्यर्थी केवल विभागीय वेबसाइट upanganwadibharti.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। ऑफलाइन या डाक से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं होंगे। विभाग ने आवेदन में सभी प्रमाण-पत्र एवं शैक्षिक विवरण सही-सही दर्ज करने की अपील की है।