मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
…विजयगढ़ से शिवद्वार तक आस्था का सैलाब, रॉबर्ट्सगंज में जगह-जगह हुआ स्वागत

सावन के आखिरी सोमवार को बाबा भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए रविवार को विजयगढ़ दुर्ग स्थित रामसरोवर से डाकबम कांवरियों का जत्था घोरावल के शिवद्वार उमामहेश्वर मंदिर के लिए रवाना हुआ।

करीब 70 किलोमीटर की दूरी तय करने वाले कांवरिये पवित्र जल लेकर बिना रुके शिवद्वार की ओर बढ़ते रहे। ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय नजर आया। रॉबर्ट्सगंज नगर में प्रवेश करते ही डाकबम कांवरियों का समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों की ओर से जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया।

सजौर, रेलवे क्रॉसिंग, महिला थाना, कोऑपरेटिव, गुरुद्वारा, शीतला मंदिर चौक, धर्मशाला चौक और बरेला महादेव मंदिर के पास श्रद्धालुओं ने कांवरियों को फल, मिष्ठान और जल उपलब्ध कराया।

चुर्क तिराहे से स्वर्ण जयंती चौक होते हुए धर्मशाला चौराहे तक भी जगह-जगह स्वागत किया गया। कई स्थानों पर कांवरियों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

कांवरियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय रहा। पुलिसकर्मी प्रमुख मार्गों और चौराहों पर तैनात रहे तथा यातायात पुलिस ने वाहनों का आवागमन व्यवस्थित कर कांवरियों के लिए सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराया। भीड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों ने लगातार निगरानी रखी।

वहीं, स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सकीय टीम भी मार्ग पर मुस्तैद रही। स्वास्थ विभाग की टीम लगातार पूरे कांवरिया मार्ग पर भ्रमण करती रही। शाम करीब छह बजे तक कांवरियों के जत्थे धर्मशाला चौराहे तक पहुंचने लगे।

महिलाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनके स्वागत के लिए मार्ग के किनारे जुटे रहे। पुलिस की सुरक्षा, स्वास्थ्य टीम की तत्परता और श्रद्धालुओं की सेवा से यात्रा का माहौल उत्साह और आस्था से भर गया।
