संवाददाता@विजय अग्रहरी….

घोरावल ब्लॉक संसाधन केंद्र घोरावल में रविवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस योजना के अंतर्गत रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य ने मां वीणापाणि की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय घोरावल की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनकी सेवा और योगदान को देखते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें शिक्षक कैशलेस योजना से लाभान्वित किया है। इसके तहत रसोइये स्वयं और अपने परिवार का प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार करा सकेंगे। उन्होंने कहा कि रसोइयों को सम्मानजनक जीवन देने के उद्देश्य से उनके मानदेय में भी एक हजार रुपये की वृद्धि की गई है।

कार्यक्रम में रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष सीमा गुप्ता एवं घोरावल के पूर्व चेयरमैन राकेश कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय घोरावल की छात्राओं ने ‘लर्निंग बाय डूइंग’ के तहत ब्रेड पकौड़ा तैयार कर विधायक को खिलाया। विधायक ने छात्राओं के हुनर और प्रयास की सराहना की।

समारोह के दौरान सम्मानित रसोइयों को विधायक द्वारा कैशलेस चिकित्सा कार्ड तथा बढ़े हुए मानदेय का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजेश कुमार ने किया। अंत में खंड शिक्षा अधिकारी घोरावल अरविंद कुमार पटेल ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया।
इस दौरान पीएम श्री विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कुमार सहित अखिलेश कुमार, राजेश कुमार, अशोक सन्यासी, सुनील मौर्य, राजीव कुमार, प्रभा शंकर मिश्रा, शशांक सिंह, प्रदीप सिंह, अभिषेक राय, पूजा गुप्ता, अलका साहू, रंजू कुशवाहा, श्वेता ठाकुर समेत बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।