मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

ललई छठ के पर्व पर बुधवार को रॉबर्ट्सगंज नगर में महिलाओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ व्रत रखा। संतान के सुख, स्वास्थ्य और दीर्घायु तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर महिलाओं ने दिनभर उपवास किया और शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

पर्व को लेकर सुबह से ही महिलाओं ने स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण किए और व्रत का संकल्प लिया। घरों में पूजा स्थल की साफ-सफाई कर ललई माता और भगवान गणेश की पूजा के लिए फल, फूल, अक्षत, रोली, दीप, धूप सहित पूजन सामग्री तैयार की गई। इसके बाद महिलाओं ने नगर के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

पूजन के दौरान महिलाओं ने ललई छठ की कथा सुनी और भगवान गणेश व ललई माता को फल-फूल एवं प्रसाद अर्पित किया। दीप जलाकर परिवार की सुख-शांति और संतान की लंबी उम्र की कामना की गई। पूजा के बाद महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण किया।

ललई छठ को संतान के मंगल और परिवार की खुशहाली से जुड़ा महत्वपूर्ण व्रत माना जाता है। पर्व के चलते नगर के मंदिरों में दिनभर श्रद्धालु महिलाओं की आवाजाही बनी रही और वातावरण भक्तिमय रहा।
