मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

रॉबर्ट्सगंज नगर के बीचोबीच स्थित आदर्श नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 14 नई बस्ती में पिछले तीन दिनों से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बस्ती की गलियों से लेकर घरों तक पानी भरा होने के कारण सैकड़ों परिवारों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई है। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल है। वहीं बच्चे दूषित पानी में खेलने को मजबूर हैं, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

नई बस्ती की मजार वाली गली निवासी पीर मोहम्मद ने बताया कि चार दिनों से घर में पानी भरा है। बुधवार सुबह कुछ पानी कम हुआ, लेकिन घर की पूरी व्यवस्था तख्त पर सिमट गई है।

परिवार के लोग तख्त पर बैठकर खाना बनाने समेत अन्य काम करने को मजबूर हैं। बच्चों की पढ़ाई भी तख्त पर ही हो रही है। नाली का गंदा पानी घर में आने से दुर्गंध फैल रही है और बीमारी का खतरा बना हुआ है।

गुड़िया बेगम ने बताया कि बारिश के दिनों में हर वर्ष यही समस्या होती है। घरों में पानी घुसने के कारण बच्चों को रिश्तेदारों के यहां भेजना पड़ा है। सकीना ने बताया कि रात में बिजली कटने पर पानी से भरी गलियों में अंधेरा छा जाता है। ऐसे में पानी से होकर घर पहुंचने में जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है। नालियों पर लगे कई ढक्कन भी गायब हैं, जिससे बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

सकीना, छोटू और राजकुमार समेत अन्य स्थानीय लोगों ने बताया कि फ्लाईओवर की सर्विस लेन की ओर से पानी नई बस्ती में पहुंच रहा है। निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से बारिश और नाली का पानी एक साथ बस्ती में जमा हो गया है। इससे गंदगी बढ़ने के साथ पानी घरों तक पहुंच रहा है। लोगों के अनुसार जल निकासी के लिए फ्लाईओवर की सर्विस लेन के पास छोटा इंजन लगाया गया है, लेकिन जिस तेजी से पानी बस्ती में आ रहा है, उस हिसाब से निकासी नहीं हो पा रही है। खुली नालियों और चेंबर से भी हादसे का खतरा बना हुआ है।

इधर, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने फोन पर बताया कि पहाड़ों का पानी लोढ़ी गांव होते हुए इमरती कॉलोनी के पास राजमार्ग पर आ गया है। यही पानी फ्लाईओवर की सर्विस लेन पर बने नाले से हिंदूवारी की ओर जा रहा है। अधिक मात्रा में पानी आने के कारण नई बस्ती के पास नाला ओवरफ्लो हो गया, जिससे बस्ती में पानी भर गया। पानी की निकासी के लिए इमरती कॉलोनी के पास पांच पंप लगाए गए हैं। जैसे-जैसे यहां पानी का स्तर कम होगा, आगे की ओर भी पानी की निकासी हो जाएगी।

पीर मोहम्मद, सिराज, सकीना, गुड़िया बेगम, खुर्शीदा बेगम, रबीया, सलीमु निशा, छोटू, नूर मोहम्मद, प्रेम भारती, तारा सोनकर, नवीन, राजकुमार, बिल्ला समेत अन्य स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से नई बस्ती में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
