संवाददाता@अनिल अग्रहरी….

चोपन थाना क्षेत्र के पनारी ग्राम पंचायत के परासपानी टोला में बुधवार सुबह एक महिला का शव मायके के घर से करीब 150 मीटर दूर महुआ के पेड़ से साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शिवकुमारी (25) पत्नी रामचंद्र खरवार, निवासी टेढ़ीहवा टोला बेलहत्थी, रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मायके परासपानी आई थी। बुधवार सुबह करीब 10 बजे उसका शव मायके के घर के पास महुआ के पेड़ पर लटका मिला।

सूचना पर चोपन पुलिस और फॉरेंसिक फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। महिला की शादी को सात वर्ष से कम समय होने के कारण नियमानुसार ट्रेनी नायब तहसीलदार अंकिता सिंह की मौजूदगी में शव का पंचनामा कराया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस घटना की जांच में जुटी है। महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।