मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में बढ़ोतरी किए जाने पर उचित दर विक्रेता संघ सोनभद्र ने प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया है। संघ के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में उचित दर विक्रेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय को धन्यवाद ज्ञापन भेजा।

ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश सरकार ने उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। इससे विक्रेताओं के लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है। संघ ने इस निर्णय को विक्रेताओं के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया।

जिलाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से गरीब, जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लाभांश में बढ़ोतरी से विक्रेताओं को आर्थिक राहत मिलेगी और वे अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकेंगे।

संघ पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रति विशेष आभार जताते हुए कहा कि सरकार ने उचित दर विक्रेताओं की समस्याओं और हितों को गंभीरता से लेते हुए यह सकारात्मक निर्णय लिया है। उन्होंने भविष्य में भी विक्रेताओं के हित में ऐसे निर्णय लिए जाने की उम्मीद जताई।

इस मौके पर श्रवण कुमार, बसंती देवी, धनंजय पाठक, रामजानकी, अरविन्द कुमार, राजेश्वर, बबलू सिंह, शोभनाथ, संतोष चौबे, बाबू राम सिंह सहित बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे।
