संवाददाता@वीरेंद्र यादव…..

केंद्रीय विद्यालय एनटीपीसी शक्तिनगर में बुधवार को हिंदी माह का शुभारंभ गरिमामय समारोह के साथ हुआ। विद्यालय में 1 से 30 सितंबर 2026 तक हिंदी माह मनाया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, सम्मान और गौरव की भावना विकसित करने के लिए विभिन्न साहित्यिक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रीती शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने वीर रस की ओजपूर्ण कविताओं के साथ हिंदी भाषा के महत्व को रेखांकित करने वाली कविताओं की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।

प्राचार्या प्रीती शर्मा ने कहा कि हिंदी हमारी संस्कृति, संवेदना और राष्ट्रीय एकता की सशक्त अभिव्यक्ति है। हिंदी के प्रति सम्मान केवल हिंदी माह तक सीमित न रहकर दैनिक व्यवहार और जीवन का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने और हिंदी साहित्य के समृद्ध संसार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर रवींद्र शुक्ला ने हिंदी भाषा की महत्ता पर विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा दैनिक जीवन में इसके अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन एस.एन. राम ने किया। समारोह में विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह ने हिंदी भाषा के प्रति गौरव और आत्मीयता की भावना को मजबूत करते हुए आगामी कार्यक्रमों के लिए उत्साहपूर्ण माहौल तैयार किया।