मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…..

जनपद में भारी वर्षा और अत्यधिक जलभराव को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी के निर्देश पर 2 सितंबर को जिले के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त एवं अन्य बोर्डों से संचालित कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालय बंद रहेंगे।

जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने 1 सितंबर को आदेश जारी कर सभी विद्यालयों में इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

हालांकि विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। उन्हें विभागीय निर्देशों के अनुसार यू-डायस प्रोग्रेशन, बोर्ड पंजीकरण, इंस्पायर अवार्ड पंजीकरण, स्वयं पोर्टल, ज्ञान एकेडमी समेत अन्य विभागीय कार्यों का यथावत क्रियान्वयन करना होगा।

इससे पहले जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से भी भारी वर्षा और जलभराव के दृष्टिगत 2 सितंबर को कक्षा 1 से 8 तक के सभी परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अवकाश की सूचना जारी की गई थी।

अब जिला विद्यालय निरीक्षक के आदेश के बाद माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भी अवकाश घोषित कर दिया गया है। इस तरह 2 सितंबर को जिले में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय बंद रहेंगे।