@जे0 के0…….
— डीएम सहित तीन अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन,
1750 वर्ग मीटर भूमि के सीमांकन और अतिक्रमण से बचाने की उठाई मांग

SONBHADRA। ग्राम पंचायत बेलाटाड में करीब 50 वर्षों से खाली पड़ी श्मशान घाट की भूमि पर अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराने और भूमि का तत्काल सीमांकन कराने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में ग्राम पंचायत सदस्य वार्ड नंबर-09 एवं व्यापार मंडल सोनभद्र के जिला सचिव हरिवंश उर्फ राजू केशरी ने जिलाधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी और खंड विकास अधिकारी घोरावल को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार ग्राम सभा बेलाटाड के गाटा संख्या-18 में राजस्व अभिलेखों में 1750 वर्ग मीटर भूमि श्मशान घाट के नाम दर्ज है। आरोप है कि करीब पांच दशक से भूमि पर कोई निर्माण नहीं हुआ है। बाउंड्रीवाल अथवा अन्य निर्माण नहीं होने से सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का खतरा बना हुआ है। वहीं ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ग्राम पंचायत सदस्य ने उत्तर प्रदेश शासन की अंत्येष्टि स्थल योजना के तहत करीब 24.36 लाख रुपये की लागत से निर्माण कराने की मांग की है। उन्होंने हाईकोर्ट के पीआईएल संख्या 33348/2019 में दिए गए आदेश, सुप्रीम कोर्ट के जगपाल सिंह बनाम पंजाब राज्य मामले में वर्ष 2011 के फैसले तथा उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम-1947 की धारा 15 का हवाला देते हुए सार्वजनिक भूमि को सुरक्षित रखने और अंत्येष्टि स्थल विकसित कराने की मांग की।

ज्ञापन में गाटा संख्या-18 की एसडीएम घोरावल और संबंधित लेखपाल से तत्काल पैमाइश व सीमांकन कराने, अंत्येष्टि स्थल के प्रस्ताव को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति देकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कराने तथा ग्राम पंचायत से आवश्यक प्रस्ताव पारित कराकर 15 दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की गई है।
हरिवंश केशरी ने कहा कि सरकार की मंशा हर ग्राम सभा में गरीब, असहाय और आम परिवारों के लिए गरिमापूर्ण एवं सुविधायुक्त अंत्येष्टि स्थल उपलब्ध कराने की है। प्रशासन को मामले में तत्काल कार्रवाई कर सरकारी भूमि को सुरक्षित करने के साथ निर्माण कार्य शुरू कराना चाहिए।