@जे0 के0….

SONBHADRA। नगवां ब्लॉक की ग्राम पंचायत रैइया के टोला भैयरामपुर में जलनिकासी की व्यवस्था न होने से सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। सड़क पर लगातार जलभराव रहने से ग्रामीणों का आवागमन बाधित है और कई मकान गिरने की कगार पर पहुंच गए हैं। समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों का आरोप है कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार ब्लॉक और जिला प्रशासन के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं। घरों में पानी पहुंचने लगा है और मकानों की नींव कमजोर हो रही है, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर पानी भरने से बच्चों के स्कूल जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और दैनिक कार्यों के लिए निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि गांव में आते हैं, लेकिन समस्या के समाधान के समय कोई भी उनकी सुध लेने नहीं पहुंचता।

गांव के रामजी, सुखवारी, सुनील कुमार, रामकुमार, दूधनाथ, मोहन, रामसिंगार, दिनेश कुमार, जितेंद्र कुमार, कृपा शंकर, विजय शंकर, संतोष कुमार, संजय, रामबाबू, संतोष सिंह, विजय नारायण, राममूर्ति, सुनील कुमार, सिमली, रामसूरत, रामदेव, मुन्ना सिंह, शम्भूनाथ, मदननाथ, रमाशंकर, भागा देवी, उर्मिला देवी, दुर्गावती, रामबली, देवनाथ, शिवपूजन, विजयपाल, कमलेश और सुन्दरराम सहित अन्य

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जलनिकासी की व्यवस्था कर समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो वे जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
