संवाददाता@विजय अग्रहरी…..
— पुल के ऊपर करीब दो फीट पानी, पुलिस ने रोका आवागमन; तटवर्ती गांवों में अलर्ट

घोरावल क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण पहाड़ी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। बकहर नदी के उफान पर आने से घोरावल-मिर्जापुर संपर्क मार्ग पर मंगलवार की सुबह से ही आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया। मार्ग बंद होने से राहगीरों और क्षेत्र के नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के कारण जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

सोमवार की रात से शुरू हुई बारिश मंगलवार को भी लगातार जारी रही। बारिश के चलते सोनभद्र-मिर्जापुर जनपद की सीमा पर स्थित बकहर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। नदी में अचानक बढ़े पानी के कारण घोरावल-मड़िहान मार्ग पर स्थित बकहर पुल के ऊपर करीब दो फीट पानी बहने लगा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पुल पर ड्यूटी लगाकर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है। लोगों को नदी और पुल की ओर जाने से भी रोका जा रहा है।
इसी तरह बकहर नदी में उफान के कारण भैंसवार-धौरहा मार्ग पर भी आवागमन बंद कर दिया गया है। प्रशासन और पुलिस द्वारा लोगों को खतरे को देखते हुए नदी और जलमग्न मार्गों से दूर रहने की हिदायत दी जा रही है।

मंगलवार को उप जिलाधिकारी घोरावल विशाल कुमार ने घोरावल-मड़िहान मार्ग और बकहर नदी के बढ़े जलस्तर का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए पुलिस को सुरक्षा के दृष्टिगत आवागमन पर रोक बनाए रखने के निर्देश दिए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि बकहर नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और पुल के ऊपर करीब दो फीट पानी प्रवाहित हो रहा है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया है। नदी का जलस्तर कम होने और मार्ग सुरक्षित होने के बाद ही आवागमन शुरू कराया जाएगा।

वहीं, बकहर नदी में आई बाढ़ को देखते हुए नदी के तटवर्ती गांवों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को सुरक्षित रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर ऊंचे स्थानों पर जाने की हिदायत दी गई है। लगातार बारिश जारी रहने से नदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।