मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के निपराज गांव में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार घटना 29/30 अगस्त की रात हुई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर आरोपियों की पहचान की।

वादी बाला प्रकाश राव की तहरीर पर रॉबर्ट्सगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 726/2026 के तहत धारा 298 भारतीय न्याय संहिता में अभियोग दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान आनन्द शंकर उर्फ बादशाह निवासी बहुआर, शशि तिवारी निवासी करौली और सतेन्द्र उर्फ सतीश पटेल निवासी निपराज, हाल पता करौली की भूमिका सामने आई।

पुलिस ने सोमवार की दोपहर तीनों आरोपियों को ग्राम बहुआर स्थित हनुमान मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में आनन्द शंकर उर्फ बादशाह के खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट, आयुध अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। सतेन्द्र उर्फ सतीश के खिलाफ चोरी और एनडीपीएस एक्ट के तीन मामले तथा शशि तिवारी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट समेत तीन मामले दर्ज बताए गए हैं।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में हुई। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक बृजेश सिंह और हेड कांस्टेबल हेमन्त बारी शामिल रहे।
