संवाददाता@अनिल अग्रहरी…

चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत के टोला भवानी कटरिया के जंगल में सोमवार को एक 19 वर्षीय महिला का शव आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटकता मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार मेदारदह, अनपरा निवासी सहोदरी देवी (19) पत्नी सुदर्शन का शव घर से करीब 600 मीटर दूर पहाड़ी के पास जंगल में आम के पेड़ से लटकता मिला। बताया जा रहा है कि मृतका के परिजन शौच के लिए जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने महिला का शव पेड़ से लटकता देखा और इसकी जानकारी तत्काल घर के अन्य सदस्यों को दी।

परिजनों द्वारा सोमवार दोपहर करीब तीन बजे घटना की सूचना चोपन पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। घटना को लेकर ग्रामीणों और परिजनों में दहशत का माहौल है।