@जे0 के0…..

SONBHADRA। सुकृत चौकी क्षेत्र के लोहरा गांव के समीप वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लोहरा गांव निवासी संतोष चौहान का आठ वर्षीय पुत्र विक्की सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान वाराणसी की ओर से रॉबर्ट्सगंज की तरफ तेज रफ्तार से जा रही एक अज्ञात पिकअप ने बालक को कुचल दिया। हादसे में विक्की की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सुकृत पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना को लेकर परिजनों में शोक का माहौल है।
