@जे0 के0…..

SONBHADRA। छत्तीसगढ़ सहित कैचमेंट क्षेत्र में लगातार हो रही झमाझम बारिश के चलते दुद्धी क्षेत्र की कनहर नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ गया है। सोमवार को अमवार स्थित कनहर सिंचाई परियोजना के मुख्य बांध में जलस्तर 262.300 मीटर दर्ज किया गया। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सिंचाई विभाग ने दस रेडियल गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू कर दी है।

सहायक अभियंता सुनील यादव ने बताया कि दुद्धी क्षेत्र के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में भी लगातार बारिश हो रही है। जशपुर जिले की पहाड़ियों से निकलने वाली कनहर नदी और उसकी सहायक नदियों में तेज बहाव के कारण बांध में पानी की आवक बढ़ी है। जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

नदी के तेज बहाव को देखते हुए डूब क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है। जलस्तर की निगरानी के लिए विभिन्न स्थानों पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही ऑटोमेटिक मशीनों के माध्यम से भी पानी की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इंजीनियरों और तकनीकी कर्मचारियों की टीम 24 घंटे बांध की गतिविधियों की मॉनिटरिंग कर रही है।

प्रशासन ने लोगों से नदी और बांध के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने तथा बच्चों को नदी के किनारे जाने से रोकने की अपील की है। जलस्तर बढ़ने की सूचना के बाद आसपास के लोग बांध का नजारा देखने भी पहुंच रहे हैं।

सिंचाई विभाग के कंट्रोल रूम से लगातार जलस्तर की निगरानी की जा रही है और संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने का दावा किया गया है। इस बरसात कनहर परियोजना में तृतीय चरण के जलभंडारण का कार्य चल रहा है।

वहीं, हर घर नल योजना के तहत ग्रामीणों को पेयजल सुविधा आंशिक रूप से उपलब्ध कराई जा रही है।