न्याय पंचायत तरावा@शिवम सिंह…

रॉबर्ट्सगंज विकासखंड के धुरियां-डोमरिया-लखनपुरवा मार्ग की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

लोक निर्माण विभाग द्वारा रॉबर्ट्सगंज नगर के मरकरी होते हुए डोमरिया-लखनपुरवा तक करीब 9 किलोमीटर लंबा मार्ग बनवाया गया था, लेकिन ग्राम करारी से डोमरिया तक सड़क जगह-जगह उखड़कर गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब सात-आठ वर्षों से सड़क की यही स्थिति बनी हुई है।

लखनपुरवा निवासी परशुराम और अरविंद पेटल ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति से करारी, लखनपुरवा, धुरिया और डोमरिया गांव सीधे प्रभावित हैं, जबकि आसपास के कई अन्य गांवों के लोगों को भी आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है।

धुरिया निवासी डॉ. धनराज सिंह और बृजेश सिंह ने बताया कि इसी मार्ग पर एक स्कूल और इंटर कॉलेज स्थित है, जहां रोजाना करीब 100 से ज्यादा बच्चे पढ़ने जाते हैं। लखनपुरवा के बच्चे भी इसी रास्ते से करारी स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचते हैं। सड़क पर गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

ग्रामीण मनोज और संजय ने बताया कि रामगढ़ जाने के लिए भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ता है। वहीं डोमरिया निवासी संतोष सिंह और मोहन पांडे ने कहा कि बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालक आए दिन गिरकर चोटिल होते हैं। रात के समय जलजमाव के कारण गड्ढों का पता नहीं चल पाता।

सुमित्रा देवी और मुन्नी देवी ने बताया कि स्कूल जाते समय बच्चों की ड्रेस खराब हो जाती है और साइकिल से आवागमन भी जोखिम भरा हो गया है। मुकेश कुमार, नीलम देवी, सबिता देवी, सत्यानंद, मनोज पांडे, शशिकांत, विद्याकांत और गणेश प्रसाद समेत आसपास के ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
