@जे0 के0…..

SONBHADRA। ग्राम पंचायत निपराज में 29 अगस्त की रात असामाजिक तत्वों द्वारा भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिलाध्यक्ष संदीप बौद्ध, जिला विधिक सलाहकार एडवोकेट अमित रंजन समेत संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

प्रतिमा खंडित किए जाने की घटना को लेकर भीम आर्मी ने गहरा आक्रोश जताते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपियों की तत्काल पहचान कर गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने कहा कि जिले में बाबा साहेब और महापुरुषों की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं की पुनरावृत्ति चिंता का विषय है।

भीम आर्मी ने प्रशासन के समक्ष खंडित प्रतिमा को सम्मानपूर्वक शीघ्र पुनर्स्थापित कराने, जिले में महापुरुषों की प्रतिमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग रखी।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी के नेतृत्व में संविधान और लोकतंत्र के दायरे में आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होने की बात कही।

इस दौरान क्रांति कुमार, बाबुंदर, अरविंद, गंगा सागर समेत भीम आर्मी के सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।