मुख्य संवाददाता@सौरभ गोस्वामी……

ओबरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रेणुका पार स्थित बिजुल नदी पर बने पुल को पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आने से बीते सोमवार की दोपहर 12 बजे के करीब दो व्यक्ति बह गये थे। उक्त दोनों ग्रामीण 55 वर्षीय बेचई बैगा पुत्र झांग बैगा निवासी कनुहार तथा 48 वर्षीय रामप्रीत खरवार पुत्र तिलक शाह निवासी परसोई की तलाश हेतु प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय द्वारा काफी प्रयास किया गया,लेकिन तेज बहाव में गुम हुए दोनों लोगों का कहीं पता नहीं चला।

तत्पश्चात प्रभारी निरीक्षक श्री राय द्वारा उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराते हुए 36वीं बटालियन पीएसी रामनगर वाराणसी से बाढ़ राहत के जवानों को बुलाकर दोनों युवकों का भरपूर तलाश कराया गया लेकिन सफलता नहीं मिली।वहीं शनिवार की सुबह लगभग 8 बजे के करीब जुगैल थाना क्षेत्र अंतर्गत गोठानी गांव के समीप पानी का बहाव कम होने पर ग्रामीणों द्वारा पेड़ की जड़ों में फंसे एक शव को देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को बुलाकर उसकी पहचान 48 वर्षीय रामप्रीत के रूप में की गई। शव मिलने की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे ओबरा प्रभारी निरीक्षक श्री राय द्वारा शव को कब्जे में लेकर पीएम हेतु जिला अस्पताल भिजवा दिया गया।