संवाददाता@अनिल अग्रहरी…..

चोपन थाना क्षेत्र के तेलगुड़वा तिराहे पर गुरुवार को सवारी बस को बचाने के प्रयास में कोयला लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए पलट गया। हादसे में ट्रेलर चालक समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से ऑटो के माध्यम से चोपन अस्पताल भेजा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेनुकूट की ओर से कोयला लदा ट्रेलर आ रहा था। तेलगुड़वा तिराहे के पास सामने से आ रही सवारी बस को बचाने के प्रयास में चालक ने ट्रेलर पर नियंत्रण खो दिया। ट्रेलर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक आशीष कुमार (लगभग 25 वर्ष), निवासी शिवद्वार, तथा खलासी घायल हो गए। खलासी की पहचान नहीं हो सकी है।

ट्रेलर के पलटने से उसमें लदा कोयला सड़क पर बिखर गया, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया। सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था सुचारु कराने में जुट गई। हादसे के कारण वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर एक तरफ का यातायात प्रभावित होकर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने दूसरे हिस्से से यातायात बहाल कराया।
अनिल कुमार अग्रहरी