संवाददाता@उपेंद्र तिवारी….
— जाम की समस्या और मुख्य मार्गों पर बड़े वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने पर हुई चर्चा

आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से दुद्धी कस्बा पुलिस चौकी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिकों एवं संभ्रांत लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्य रूप से कस्बे में जाम की समस्या, बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने तथा त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस उपाधीक्षक विजय प्रभाकर साहनी ने कहा कि सभी लोग त्योहारों को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं। पुलिस प्रशासन आपकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
वहीं प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घरों में पटाखों का अनावश्यक जखीरा न रखें, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका न रहे। उन्होंने व्यापारियों एवं आम नागरिकों से मुख्य मार्गों पर वाहनों को बेतरतीब ढंग से खड़ा न करने की अपील की, ताकि बाजार में जाम की समस्या उत्पन्न न हो। साथ ही बड़े वाहनों के आवागमन को नियंत्रित रखने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में मुख्य रूप से कन्हैया अग्रहरि, सुरेंद्र गुप्ता, दीपक शाह, राकेश जायसवाल, सूरज देव सेठ, कंचन जौहरी, लल्लन कसेरा, पंकज जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।