संवाददाता@रामबली मिश्रा….
— शिक्षकों और विद्यार्थियों ने किया नमन, निबंध प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

हंसवाहिनी पब्लिक स्कूल बीजपुर में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के बीच सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचारों के माध्यम से देश की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

विद्यालय की प्रधानाचार्य दुर्गावती गुप्ता ने सरदार पटेल के जीवन और उनके महान कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण से देश को एक सूत्र में पिरोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेने तथा अपने जीवन में अनुशासन, एकता, परिश्रम और देशप्रेम की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने के लिए विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कारों को भी अपने जीवन में उतारना चाहिए।
इस अवसर पर विनय सिंह, रवि गुप्ता, सुदामा प्रसाद गुप्ता, दीपक कुमार, करन कुमार, नीलम कुमारी, नीलम शाह, अनुपमा चौबे, श्यामलता पनिका, पुष्पा पाल, अनिता गुप्ता, पुष्पा पनिका, संगीता सिंह, आदि उपस्थित रहे।