संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…..

पिपरी थाना क्षेत्र के खाड़पाथर मोड़ से आगे शुक्रवार की रात करीब 10 बजे बोलेरो और म्योरपुर थाने की सरकारी गाड़ी में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार लोगों को हल्की-फुल्की चोटें आईं। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं लगी और सभी लोग बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात म्योरपुर थाने की सरकारी गाड़ी जिला मुख्यालय से वापस लौट रही थी।
इसी दौरान खाड़पाथर मोड़ से पहले ढलान पर विपरीत दिशा से आ रही एक बोलेरो से उसकी टक्कर हो गई। बताया जाता है कि हादसे के समय बारिश हो रही थी और सड़क गीली थी। ऐसे में दोनों वाहनों के चालकों ने अचानक ब्रेक लगाया तो वाहन फिसल गए और आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। हालांकि वाहनों में बैठे लोगों को मामूली चोटें आईं।

दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया। इसके बाद उनमें सवार लोग दूसरे वाहनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर लोगों की आवाजाही बनी रही।
बारिश के दौरान सड़क पर फिसलन के कारण हुए इस हादसे ने एक बार फिर वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत का एहसास कराया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।