संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय……

चोपन नगर में गुरुवार को सुहाग और अखंड सौभाग्य का प्रतीक करवा चौथ का पर्व पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ मनाया गया। पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और वैवाहिक जीवन में खुशहाली की कामना को लेकर सुहागिन महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला व्रत रखा।
सुबह सरगी ग्रहण करने के साथ शुरू हुआ व्रत देर शाम चंद्रदर्शन और पूजा-अर्चना के बाद संपन्न हुआ। ओबरा के चोपन रोड, वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर, खैरतिया ग्राम तथा चोपन के बर्दिया, बेरियर, सिंदुरिया समेत विभिन्न मोहल्लों में महिलाओं ने सामूहिक रूप से करवा चौथ की पूजा की और कथा सुनी।

शाम होते ही सोलह श्रृंगार में सजी महिलाएं पूजा की थाली लेकर पूजा स्थलों पर पहुंचीं। मिट्टी की प्रतिमाएं स्थापित कर दीप जलाए गए और विधि-विधान से करवा पूजन किया गया। महिलाओं ने एक-दूसरे को करवा बदलकर परंपरा का निर्वहन किया। पहली बार व्रत रखने वाली महिलाओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।

चंद्रमा के उदय होते ही महिलाओं ने छलनी से चांद और पति का दीदार किया तथा चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद पति के हाथों जल ग्रहण कर निर्जला व्रत का पारण किया। करवा चौथ को लेकर ओबरा और चोपन के बाजारों में भी दिनभर रौनक रही। महिलाओं ने करवा, दीपक, पूजन सामग्री और सोलह श्रृंगार के सामान की जमकर खरीदारी की।

वहीं इस बार करवा चौथ का रंग सोशल मीडिया पर भी खूब देखने को मिला। सोलह श्रृंगार में सजी महिलाओं ने पारंपरिक गीतों और खूबसूरत अंदाज में वीडियो रील बनाकर अपने खास पलों को कैमरे में कैद किया। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर एक से बढ़कर एक करवा चौथ की रील साझा की गईं। आस्था, प्रेम और पारिवारिक परंपरा से जुड़ा यह पर्व ओबरा और चोपन क्षेत्र में उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।