पंचायत संवाददाता@विष्णु कुशवाहा…

आदर्श नगर पालिका परिषद सोनभद्र के वार्ड नंबर पांच में बसुवा पोखरा के पास बिजली का पोल खड़ा करते समय पानी की पाइपलाइन टूट गई। पाइपलाइन पिछले दो दिनों से क्षतिग्रस्त पड़ी है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पाइप टूटने के कारण पानी तेज गति से बाहर निकल रहा है और सड़क पर जलभराव की स्थिति बन रही है। इससे लोगों के आवागमन में भी दिक्कत हो रही है।स्थानीय निवासी बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि बिजली का पोल लगाने के दौरान पानी की पाइप टूट गई थी।

राजकरण सिंह के घर के पास से गुजरने वाली पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है। दो दिन बीत जाने के बाद भी इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। लगातार पानी बहने से पेयजल की बर्बादी हो रही है और लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

स्थानीय निवासी आलोक, धीरज, अनुपम, बिट्टू, शिवानंद और करन ने संबंधित विभाग से जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कराने की मांग की है।
इस संबंध में हर घर जल मिशन के जेई आशीष यादव से मोबाइल पर वार्ता की गई।

उन्होंने बताया कि बिजली विभाग द्वारा पोल लगाने के दौरान पाइपलाइन तोड़ी गई है। इसलिए इसकी मरम्मत की जिम्मेदारी भी बिजली विभाग की है।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग जल्द से जल्द पाइपलाइन ठीक कराकर पानी की बर्बादी रोके, ताकि लोगों को राहत मिल सके।