संवाददाता@रामबली मिश्रा…..

बैढ़न-बीजपुर बाईपास मार्ग पर गुरुवार की शाम भगवान दास यादव के घर के समीप राख से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रेलर चालक घायल हो गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेलर एनटीपीसी रिहंद के राख बांध से राख लोड कर अन्यत्र जा रहा था। इसी दौरान बैढ़न-बीजपुर बाईपास मार्ग पर भगवान दास यादव के घर के पास शांति नगर में अचानक ट्रेलर अनियंत्रित हो कर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों के अनुसार, हादसे में चालक को चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को उपचार के लिए भेजा गया। हालांकि, ट्रेलर के अनियंत्रित होकर पलटने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।