मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन..
..216 हिंदू और 9 मुस्लिम जोड़ों का रीति-रिवाज से विवाह संपन्न, 15 से 25 नवंबर के बीच फिर होगा आयोजन

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को डायट परिसर, उरमौरा, रॉबर्ट्सगंज में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें कुल 225 जोड़ों का विवाह उनके रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया।

इनमें 216 हिंदू और 9 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। समारोह में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित वर-वधू को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री समाज कल्याण संजीव कुमार गोंड, ब्लॉक प्रमुख रॉबर्ट्सगंज अजीत रावत, म्योरपुर के ब्लॉक प्रमुख मान सिंह और नगवां के ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने भी नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं। समाज कल्याण विभाग, विकास विभाग और पुलिस प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रम संपन्न हुआ।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर कुल एक लाख रुपये खर्च करने का प्रावधान है। इसमें कन्या के खाते में डीबीटी के माध्यम से 64 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी जाएगी।

वहीं, 21 हजार रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री दी गई, जिसमें साड़ी, लहंगा, गद्दा, तकिया, चादर, प्रेस, डिनर सेट, सीलिंग फैन, मिष्ठान सहित अन्य सामग्री शामिल है। इसके अतिरिक्त भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल, बिजली और प्रकाश व्यवस्था पर प्रति जोड़ा 15 हजार रुपये खर्च किए गए।

विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार रॉबर्ट्सगंज के 38, करमा के 19, चतरा के 11, नगवां के 5, दुद्धी के 15, म्योरपुर के 43, घोरावल के 29, चोपन के 21, कोन के 8, बभनी के 24 तथा नगर पालिका क्षेत्र के 12 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जनपद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत अगला आयोजन 15 से 25 नवंबर 2026 के बीच प्रस्तावित है।