संवाददाता@रामबली मिश्रा…..
— लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच

बीजपुर थाना क्षेत्र के नेमना गांव में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता व्याप्त है। खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए दो मोनोब्लॉक पंप और एक ट्रैक्टर की बैटरी चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ितों की तहरीर पर बीजपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेमना निवासी अरविंद कुमार पुत्र नंद गुप्ता ने शनिवार को पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 19 अक्टूबर की रात उनके खेत में सिंचाई के लिए लगाया गया 1.5 हॉर्स पावर का मोनोब्लॉक पंप चोरी हो गया। इसी रात गांव के बासदेव पुत्र लालचंद गुप्ता के महिंद्रा 275 ट्रैक्टर की बैटरी भी अज्ञात चोर उठा ले गए।
वहीं, 20 अक्टूबर को उमाकांति वैश्य पुत्र मनीराम वैश्य के खेत में लगा 1.5 हॉर्स पावर का सिंचाई पंप भी चोरी हो गया। पीड़ितों ने अपनी तहरीर में नंदलाल पुत्र विजय कुमार, उत्तम कुमार पुत्र रामनगीना और बबलू कुमार पुत्र शिव प्रसाद पर चोरी में संलिप्त होने की आशंका जताई है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

इस संबंध में बीजपुर के प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस चोरी गए सामान की बरामदगी और मामले का खुलासा करने के लिए प्रयास कर रही है। लगातार हुई चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।
