[ad_1]
यूपी के देवरिया में अधिशासी अधिकारी (ईओ) का कुछ लोगों ने अपहरण करने की कोशिश की। इस खबर फैलने से हड़कंप मचा। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
देवरिया, हिन्दुस्तान टीम। उत्तर प्रदेश के देवरिया की पथरदेवा नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) का गुरुवार देर रात कुछ लोगों ने अपहरण करने की कोशिश की। इस सूचना से हड़कंप मच गया। चेयरमैन की तहरीर पर पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ-जांच कर रही है। घटना के पीछे नगर पंचायत में टेंडर का विवाद बताया जा रहा है।
पुलिस को दी गई तहरीर में नगर पंचायत पथरदेवा के चेयरमैन कमलेश सिंह उर्फ क्रांति सिंह ने लिखा है कि हिमांशु सिंह पथरदेवा नगर पंचायत में बतौर अधिशासी अधिकारी (ईओ) के पद पर तैनात हैं। गुरुवार को वह किसी काम से देवरिया गए थे। वहां कुछ अपरिचित चेहरे ईओ की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इसकी जानकारी होने पर ईओ डर गए। रात 11 बजे वह उनके घर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी दी। उस समय भी ईओ के मोबाइल पर एक व्यक्ति का बार-बार फोन आ रहा था। उसने अधिशासी अधिकारी को कस्बे के एक चौराहे पर बुलाया।
तहरीर में ईओ के ये आरोप
तहरीर के मुताबिक ईओ को लेकर चेयरमैन उस चौराहे पर पहुंचे तो हथियार से लैस आधा दर्जन लोग वहां खड़े थे। ईओ को देखते ही उन लोगों ने उन्हें मारते-पीटते हुए गाड़ी में जबरन बैठाने की कोशिश की। आरोपी सड़क पर खुलेआम असलहा लहरा रहे थे। इससे आस-पास दहशत का माहौल पैदा हो गया। चेयरमैन की सूचना पर तरकुलवा पुलिस मौके पर पहुंची दो लोगों को पकड़कर थाने ले गई। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। घटना के पीछे नगर पंचायत के टेंडर का विवाद बताया जा रहा है। चर्चा है कि ईओ के साथ अभद्रता करने वाले खुद को एक जनप्रतिनिधि का खास बता रहे थे।
घटना की जांच-पड़ताल की जा रही
देवरिया सदर क्षेत्राधिकारी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि नगर पंचायत पथरदेवा में ईओ के साथ मारपीट और अपहरण के प्रयास की तहरीर मिली है। घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है। मामला नगर पंचायत के टेंडर से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा।
[ad_2]
Source link

