देवरिया में स्वास्थ्य केंद्र परिसर स्थित सरकारी आवास में ननद के साथ रह रही महिला की आधी रात हत्या कर दी गई।सूचना मिलने पर एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। वहीं, मायके पक्ष ने दहेज को लेकर हत्या का आरोप लगाया।
हिन्दुस्तान टीम, देवरिया। यूपी के देवरिया से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर स्थित सरकारी आवास में ननद के साथ रह रही महिला की शनिवार की आधी रात को हत्या कर दी गई। मामले की जानकारी होने पर आधी रात को ही एसपी अभिजीत आर शंकर समेत अन्य अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। इसे लेकर रविवार की सुबह मायके पक्ष के लोगों ने कोतवाली में हंगामा किया। उधर, पुलिस ने एक्शन लेते हुए पति समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया है।
गोरखपुर जिले के सहजनवां थाना क्षेत्र के ग्राम चंदवाड़ी निवासी चमनलाल की पत्नी गुड़िया कुछ महीने से अपनी ननद पूर्णिमा विश्वकर्मा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर के सरकारी आवास में रह रही थी। पूर्णिमा स्टाफ नर्स के पद पर तैनात था। बताया जा रहा है कि रात को ससुरालियों ने उसकी गला दबाकर और सिर पर किसी वस्तु से हमला कर हत्या कर दी। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच पड़ताल में जुट गए।
मायके पक्ष का आरोप है कि पांच वर्ष पहले शादी हुई थी। जब से ससुराल गई, तभी से ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे और कई बार पंचायत भी हुई। ससुरालियों ने दहेज के लिए हत्या की है। रविवार की सुबह मायके पक्ष के लोग कोतवाली पहुंचे और हंगामा करने लगे। उनका कहना था कि बिना शव दिखाए ही पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेज दिया है। इस मामले में एसपी अभिजीत आर शंकर घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है।
दहेज की खातिर महिला की हत्या करके शव लटकाया
उधर, बरेली में भी दहेज को लेकर एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला के पिता ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। हाफिजगंज के सावरखेड़ा के निरंजन लाल की 26 वर्षीय बेटी सपना की शादी 5 साल पहले भुता के डडिया नवाजिश अली निवासी वीरपाल से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग कर रहे थे। इसके लिए ससुराल वाले सपना को यातनाएं देने लगे। शुक्रवार सुबह सपना का शव घर के कमरे में कुंडे पर लटका देखा ग्रामीणों ने मायके वालों को सूचना दी। इसके बाद निरंजन लाल अपने परिवार के लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सपना का शव फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। निरंजन लाल ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने सपना की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उनका शव फंदे पर लटका दिया। निरंजन लाल की तहरीर पर पुलिस ने पति वीरपाल, ससुर डालचंद, सास और ननद के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप का मुकदमा दर्ज कराया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने सपना का शव मायके वालों को सौंप दिया।

