देवरिया के रामपुर कारखाना क्षेत्र में मां की बरखी के दिन आभूषण बंटवारे के विवाद में बड़े भाई और भतीजों ने पीटकर केश्वर कुशवाहा (45) की हत्या कर दी। पत्नी की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने मृतक की भाभी और भतीजे को हिरासत में लिया, मुख्य आरोपी फरार है।

देवरिया में मां के गहनों के बंटवारे में हत्या
देवरिया, हिन्दुस्तान टीम: जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक रिश्ते को शर्मसार करने वाली जघन्य घटना हुई। मां की बरखी के दिन आभूषण बंटवारे को लेकर एक युवक की भाई और भतीजों ने पीट कर हत्या कर दी। इससे सनसनी फैल गई। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर आरोपी भाई, भतीजे समेत पांच के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर मृतक की भाभी और भतीजे को हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी फरार है। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बरवा मीरछापर गांव निवासी मोतिया देवी की कुछ दिन पूर्व मौत हो गई थी।
शुक्रवार की शाम बरखी थी। कर्मकाण्ड और रिश्तेदारों को भोजन कराने के बाद मां के आभूषण के लिए भाइयों में नोकझोंक शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि छोटे बेटे केश्वर कुशवाहा (45) की उसके बड़े भाई जगदम्बा कुशवाहा और भतीजों ने कहासुनी के बाद पिटाई शुरू कर दी। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपी केश्वर को घर के अंदर लेकर चले गए।
मां के गहनों के बंटवारे में भाई की हत्या
आरोप है कि थोड़ी देर बाद जब वह बाहर निकला तो भाई-भतीजों ने फिर पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल केश्वर गिरकर तड़पने लगा। परिजन उसे निजी चिकित्सक के यहां ले गए, लेकिन हालत गंभीर देख डॉक्टर ने देवरिया मेडिकल कॉलेज ले जाने को कहा। इसके बाद परिजन और रिश्तेदार कुशीनगर के कसया अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। रात में परिजनों ने शव दरवाजे पर रखकर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रमिला देवी की तहरीर पर आरोपी भाई जगदम्बा, उसके बेटे अमिताभ बच्चन समेत पांच के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया है।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
आरोपी की पत्नी और बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सीओ सिटी,देवरिया संजय कुमार रेड्डी ने कहा कि मारपीट में युवक की मौत हुई है। केस दर्ज कर जांच की जा रही है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


