संवाददाता@अमिताभ मिश्रा….

नगर के गांधी मैदान स्थित महाबली फिटनेस अरेना में शनिवार की शाम 6:30 बजे सुंदरकांड पाठ एवं भक्ति संगीत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राम दरबार और बजरंगबली की पूजा-अर्चना तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद सुंदरकांड पाठ और भक्ति गीतों की प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम का आयोजन कर रहे सोनभद्र के प्रसिद्ध भजन गायक दयाशंकर गुप्ता ने कहा कि भक्ति और भजन से मन को शांति मिलती है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। ईश्वर की आराधना और भक्ति के माध्यम से मनुष्य का कल्याण होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से नियमित रूप से भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों में भाग लेने की अपील की।

सुंदरकांड पाठ के दौरान भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए। भजनों की मधुर धुन पर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर होते रहे। प्रमुख भजन गायक दयाशंकर गुप्ता के साथ अनिल शाह, हीरा राय और आकाश राय ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर रेणुकूट व्यापार मंडल के अध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता भी उपस्थित रहे। महाबली फिटनेस अरेना के प्रमुख कोच राजेश सिंह ने बताया कि नगरवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेणुकूट बाजार के मेन रोड पर फिटनेस अरेना खोला गया है, जहां लोगों को उचित दर पर स्वास्थ्य और फिटनेस संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में महाबली फिटनेस अरेना के स्वामी रविंद्र गुप्ता, अमित मौर्य, राजेश सिंह, विजय सिंह, रामचंद्र सोनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अंत में आरती की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।