Last Updated:
भारतीय सिनेमा में 50 साल पूरे कर चुके फिल्ममेकर सुभाष घई ने अपनी अपकमिंग मूवी ‘मान्या’ का नया लुक पोस्टर जारी कर दिया है, जिसमें श्रेयस तलपड़े लीड रोल में नजर आएंगे. ‘इकबाल’ के करीब दो दशक बाद सुभाष घई और श्रेयस तलपड़े की यह जोड़ी फिर साथ लौट रही है. समीर जोशी के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक बाल अपराधी की संवेदनशील कहानी बयां करती है. इसके अलावा सुभाष घई ‘खलनायक रिटर्न्स’ और अनिल कपूर के साथ कोर्टरूम ड्रामा पर भी काम कर रहे हैं.
‘मान्या’ से सामने आया श्रेयस तलपड़े का लुक. (फोटो: IMDb/Instagram@muktaartsltd)
नई दिल्ली. मशहूर फिल्ममेकर सुभाष घई भारतीय सिनेमा में अपने करियर के 50 साल पूरे कर चुके हैं. इस खास मौके पर उन्होंने अपनी अगली फिल्म ‘मान्या’ का ऐलान किया है. शनिवार को इस मूवी का पोस्टर भी जारी कर दिया गया है. इस फिल्म में श्रेयस तलपड़े लीड रोल निभा रहे हैं और पोस्टर में उनके फर्स्ट लुक की झलक देखने को मिलती है. खास बात यह है कि पोस्टर को 24 अक्टूबर को मुक्ता आर्ट्स की 48वीं एनिवर्सरी के खास मौके पर पेश किया गया.
साल 2005 की आइकॉनिक स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म ‘इकबाल’ के करीब दो दशक सुभाष घई और श्रेयस तलपड़े की यह जोड़ी एक बार फिर साथ काम करने जा रही है. समीर जोशी के निर्देशन में बन रही ‘मान्या’ की कहानी एक बाल अपराधी की जिंदगी के इर्द-गिर्द घूमती है. फिल्म सिर्फ अपराध पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय उस बच्चे के हालातों और उसके पीछे की मानवीय संवेदनाओं को गहराई से टटोलती है. श्रेयस तलपड़े के अलावा फिल्म में संवेदना सुवालका, दिव्या शर्मा और प्रियदर्शिनी पूजा भी अहम किरदारों में नजर आएंगे.
सुभाष घई 20 साल बाद श्रेयस तलपड़े संग कर रहे काम
सिनेमा में अपने 50 साल पूरे होने और मुक्ता आर्ट्स की एनिवर्सरी पर बात करते हुए सुभाष घई ने श्रेयस तलपड़े के साथ दोबारा काम करने को लेकर अनुभव शेयर किया. उन्होंने कहा, ‘यह मुक्ता आर्ट्स के सफर का एक बहुत बड़ा पड़ाव है, जिसकी शुरुआत ‘मान्या’ जैसी सार्थक और दमदार कहानी से हो रही है. लगभग दो दशक बाद श्रेयस के साथ काम करना एक शानदार अनुभव रहा. इससे एक बार फिर उनकी बेहतरीन अभिनय क्षमता का अहसास हुआ.’
फिल्म में पूरी स्टारकास्ट ने फूंक दी जान
उन्होंने आगे कहा, ‘फिल्म की पूरी कास्ट ने अपनी अदाकारी से कहानी में जान फूंक दी है. नए कलाकारों में गजब की प्रतिभा है, जो इस फिल्म के बाकी किरदारों में साफ झलकता है. मैं बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं कि दर्शक हमारी नजरों से ‘मान्या’ के इस सफर को पर्दे पर देखें.’
संजय दत्त और अनिल कपूर के साथ सुभाष घई की फिल्में
बताते चलें कि ‘मान्या’ के अलावा संजय दत्त के साथ ‘खलनायक रिटर्न्स’ और अनिल कपूर को लेकर एक कोर्टरूम ड्रामा पर भी फिल्ममेकर सुभाष घई काम कर रहे हैं. इसके अलावा कई अन्य प्रोजेक्ट्स भी अलग-अलग स्टेज पर हैं, जिनकी घोषणा आने वाले महीनों में की जाएगी.
About the Author

कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …

