Last Updated:
Tiger Shroff Firing Case Update: टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए खुलासे हो रहे हैं. मुंबई पुलिस को शक है कि वारदात के बाद भी शूटर्स अकेले नहीं थे, बल्कि कोई हैंडलर लगातार उनके संपर्क में था. फोन कॉल और मैसेज के जरिए उन्हें पुलिस की कार्रवाई की जानकारी मिल रही थी. यहां तक कि टीवी न्यूज पर आरोपियों के चेहरे दिखने के बाद उन्हें तुरंत ठिकाना बदलने की चेतावनी भी दी गई.
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में पुलिस जांच कर रही है. फाइल फोटो.
नई दिल्ली. टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस की ओर से जांच जारी है. जांच में सामने आया है कि हमले के दौरान शूटर्स और उनके हैंडलर के बीच लगातार संपर्क था. आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की तलाश के दौरान भी उन्हें अपडेट दिए जा रहे थे. जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने वाले शूटर्स अपने हैंडलर के संपर्क में थे. फोन कॉल और मैसेज के जरिए उन्हें लगातार अपडेट दिए जा रहे थे. सूत्रों ने बताया की शूटर्स के चेहरे और पहचान से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद हैंडलर ने उन्हें वहां से निकलने की चेतावनी भी दी थी. इस दौरान टीवी न्यूज के जरिए सामने आ रही जानकारी पर भी नजर रखी जा रही थी.
पुलिस के मुताबिक, शूटर्स को यह जानकारी दी जा रही थी कि पुलिस उनकी पहचान और लोकेशन तक पहुंचने के लिए कितनी आगे बढ़ चुकी है. जब फायरिंग से जुड़े वीडियो और व्लॉगर्स के बनाए फुटेज में आरोपियों के चेहरे टीवी चैनलों पर दिखाए गए, तब एक आरोपी रेहान अंसारी को मैसेज भेजकर वहां से निकलने के लिए कहा गया.
कॉल-मैसेज से दे रहे थे निर्देश, TV न्यूज पर थी नजर
पुलिस को शक है कि कोई व्यक्ति टीवी न्यूज चैनलों पर नजर रखकर शूटर्स तक जानकारी पहुंचा रहा था. हालांकि, पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें अपडेट देने वाला शख्स कौन था? रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को शक है कि रेहान को कम्युनिकेशन ऐप के जरिए निर्देश देने वालों में अमेरिका में मौजूद अनिल पंडित या हाल ही में सोनीपत से गिरफ्तार किए गए अंकित खटक और समीर खत्री की भूमिका हो सकती है. हालांकि, शूटर्स तक टीवी न्यूज की जानकारी पहुंचाने वाले व्यक्ति की पहचान अभी उजागर नहीं हुई है.
जांच में क्या आया सामने
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास कुछ वीडियो, फोटो और बातचीत से जुड़ी जानकारी मिली है. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पुलिस की गतिविधियों के बारे में अपडेट मिलने के बाद अपनी यात्रा के साधन बदल रहे थे. टाइगर श्रॉफ की कार पर 18 अक्टूबर को फायरिंग करने के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हुए थे. इसके बाद वे ट्रेन और कैब के जरिए अलग-अलग जगहों पर पहुंचे. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मोबाइल नेटवर्क के बजाय इंटरनेट आधारित कॉलिंग का इस्तेमाल किया, जिससे उनकी बातचीत को ट्रैक करना मुश्किल हुआ.
कैसे मिला पुलिस को सुराग
आरोपियों की एक सामान्य फोन कॉल कैब ड्राइवर से हुई थी. इसी कॉल के जरिए पुलिस को उनकी गतिविधियों का सुराग मिला. बाद में मुंबई पुलिस की सूचना पर राजस्थान के कोटा में तीनों को ट्रेन से गिरफ्तार किया गया. इस मामले में पुलिस अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. फायरिंग करने के आरोप में गिरफ्तार तीन आरोपी फूल सिंह (18), रेहान रहीसुद्दीन अंसारी (18) और ऋतिक महतो (22) 31 अक्टूबर तक पुलिस कस्टडी में हैं.
टाइगर श्रॉफ ने पुलिस से क्या कहा?
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया की घटना के बाद पुलिस टाइगर श्रॉफ से बातचीत कर रही थी उस समय उन्होंने पुलिस से कहा, ‘फायरिंग की घटना को लेकर मैं बहुत ही ज्यादा शॉक में हूं, मैंने कभी सोचा तक नहीं था की मेरी गाड़ी पर इस तरह से हमला होगा.’ टाइगर श्रॉफ ने पुलिस से आगे कहा, ‘मेरी किसी से दुश्मनी तक नहीं, ये कौन लोग थे, क्यों फायरिंग की और किसने कराया, कुछ पता नहीं.’ टाइगर श्रॉफ फायरिंग की घटना के बाद बहुत डिस्टर्ब हो गए थे. क्राइम ब्रांच के अधिकारी ने बताया की इसी वजह से अभी तक टाइगर श्रॉफ का बयान दर्ज नहीं किया गया. जल्द ही उनका बयान दर्ज किया जाएगा.
About the Author
.jpg?impolicy=website&width=52&height=52)
15 साल पहले पत्रकारिता से शुरू हुआ शिखा पाण्डेय का सफर आज भी उसी जुनून के साथ जारी है. दिसंबर 2019 में न्यूज18 हिंदी से जुड़ने के बाद वह चीफ सब एडिटर के रूप मे…
