Last Updated:
Gorakhpur Real Estate Boom: गोरखपुर में रामगढ़ताल के पास लेक व्यू वाले 300 लग्जरी फ्लैट तैयार हो रहे हैं. इसके लिए एचपीजीके इंफ्रा और गैलेंट ग्रुप के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ है. गैलेंट के सीएमडी चंद्र प्रकाश अग्रवाल और एचपीजीके के चेयरमैन अतुल सराफ ने इस प्रोजेक्ट के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं. नौ लाख वर्गफुट में बनने वाले इस लेक व्यू प्रोजेक्ट में ऑक्सीजन पार्क, क्लब हाउस और कवर्ड पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी.
गोरखपुर में लेक-व्यू अपार्टमेंट (एआई की मदद से बनाई गई तस्वीर)
Gorakhpur News: गोरखपुर से रियल एस्टेट सेक्टर को लेकर एक बेहद बड़ी खबर आ रही है. गोरखपुर का कायाकल्प होने जा रहा है. अब शहर में लग्जरी अपार्टमेंट बनने जा रहे हैं. शहर के सबसे खूबसूरत और लोकप्रिय टूरिस्ट स्पॉट रामगढ़ताल के ठीक सामने आशियाना तैयार हो रहा है. इसके लिए एचपीजीके इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड और गैलेंट ग्रुप ने आपस में हाथ मिलाया है. अब रामगढ़ताल के सामने कुल पांच एकड़ जमीन पर लगभग 300 लग्जरी फ्लैट बनाए जाएंगे.
यह प्रोजेक्ट पाम पैराडाइज के ठीक सटा हुआ होगा, जहां निवेशकों और खरीदारों को शानदार लेक व्यू अपार्टमेंट्स की सौगात मिलेगी. इस पूरी प्रस्तावित परियोजना का निर्माण लगभग नौ लाख वर्ग फुट के विशाल क्षेत्र में किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट को लेकर रविवार को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में गैलेंट ग्रुप के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक चंद्र प्रकाश अग्रवाल और एचपीजीके ग्रुप के चेयरमैन अतुल सराफ ने औपचारिक रूप से एमओयू पर हस्ताक्षर किए. दोनों दिग्गज समूहों ने इसे गोरखपुर के रियल एस्टेट इतिहास में गुणवत्तापूर्ण आवासीय विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और मील का पत्थर साबित होने वाली पहल बताया है.
ऑक्सीजन पार्क, क्लब हाउस और आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा प्रोजेक्ट
कारोबारी समूहों का दावा है कि इस मेगा प्रोजेक्ट में शहरवासियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. परियोजना के तहत परिसरों में पर्याप्त कवर्ड पार्किंग, अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अलग क्लब हाउस, शुद्ध हवा के लिए विशेष ऑक्सीजन पार्क और सुबह-शाम टहलने व जॉगिंग के लिए आधुनिक वॉकिंग ट्रैक जैसी तमाम सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी. गैलेंट समूह, जो मुख्य रूप से सरिया और सीमेंट निर्माण के कारोबार के लिए जाना जाता है, अब रियल एस्टेट सेक्टर में अपने पैर तेजी से पसार रहा है. वहीं, एचपीजीके ग्रुप भी लंबे समय से रियल एस्टेट क्षेत्र में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है. दोनों समूहों ने वादा किया है कि इस प्रोजेक्ट को पूरी पारदर्शिता के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाएगा. रेरा (रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण) से आधिकारिक मंजूरी मिलते ही इस पर तेजी से निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …

