Last Updated:
सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत करने के बाद पहले हफ्ते में ही इतिहास रच दिया है, हालांकि अब इसके कलेक्शन में गिरावट दर्ज की जाने लगी है, नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी इस एक्शन ड्रामा फिल्म ने 8वें दिन सबसे कम बिजनसे किया है. मगर इसका कुल कलेक्शन अब 334.35 करोड़ तक जा पहुंचा है. अब रजनीकांत की जेलर 400 करोड़ की तरफ बढ़ रही है.
नई दिल्ली. सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. एक्शन-ड्रामा मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ शुरुआत की. यह फिल्म महज एक हफ्ते के भीतर साल 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तमिल फिल्म बन चुकी है. हालांकि, अब इसके कलेक्शन में थोड़ी गिरावट दर्ज की जाने लगी है, आइए जानते हैं कि गुरुवार को टिकट खिड़की पर फिल्म का हाल कैसा रहा है.
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के आठवें दिन ‘जेलर 2’ ने 17.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. बुधवार के मुकाबले गुरुवार के कलेक्शन में 39.1 फीसदी की गिरावट आई है. हालांकि, अब इसकी भारत में कुल कमाई अब 334.35 करोड़ तक पहुंच गई है. कमाल की बात है कि यह मूवी पिछले 8 दिनों से घरेलू बॉक्स ऑफिस पर लगातार डबल डिजिट में बिजनेस कर रही है.
रिलीज के पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 15,887 शो के जरिए फिल्म ने 59.70 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था. इस फिल्म की एडवांस बुकिंग सिनेमाघरों में उतरने से पांच दिन पहले यानी 10 अक्टूबर को ही शुरू हो गई थी, जबकि चुनिंदा विदेशी बाजारों में यह एक दिन पहले ही शुरू हो गई थी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
14 अक्टूबर (बुधवार) की शाम तक इस फिल्म ने दुनिया भर में 80 करोड़ से ज्यादा की एडवांस बुकिंग हासिल कर ली थी. अगर बात करें सिर्फ भारत में ओपनिंग डे की, तो फिल्म ने एडवांस प्री-सेल के जरिए ही 18 लाख टिकट बेचकर 37 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था.
सोमवार को फिल्म की कमाई में थोड़ी गिरावट आई और इसने 42.35 करोड़ का कारोबार किया, लेकिन मंगलवार को दशहरा की छुट्टी के चलते फिल्म ने फिर से मजबूती दिखाई और 46.80 करोड़ जुटाए. इसके बाद बुधवार को कमाई घटकर 28.15 करोड़ पर आ गई और यह गिरावट गुरुवार को भी जारी रही.
‘जेलर 2’ की कहानी पिछली फिल्म की घटनाओं से आगे बढ़ती है, जहां मुथुवेल पांडियन (रजनीकांत) ने वर्मन (विनायकन) का खात्मा कर दिया था और उसे चेतावनी मिली थी कि मूर्ति तस्करों का एक खतरनाक सिंडिकेट जल्द ही उसके पीछे आ जाएगा. दूसरी तरफ, दिलीप (सूरज वेंजारामूडु) यह पता लगाने में जुटा है कि आखिर किसकी इतनी हिम्मत है जो उनके इस काले कारोबार और तस्करी के रैकेट के बीच में दीवार बनकर खड़ा हो रहा है.
मुथु के परिवार को अब तक इस बात की भनक तक नहीं है कि उसने अपनों की हिफाजत करने के लिए अपने ही बेटे अर्जुन (वसंत रवि) को मौत के घाट उतार दिया है. फिलहाल मुथु सुपरमार्केट में सुपरवाइजर की नौकरी करते हुए परिवार को एक सामान्य जिंदगी देने की जद्दोजहद में लगा हुआ है. हालांकि, चाहकर भी उसका अतीत उसका पीछा नहीं छोड़ता और जल्द ही नए खतरे उसके सिर पर मंडराने लगते हैं, जिसके बाद मुथु एक बार फिर हथियार उठाने के लिए मजबूर हो जाता है.
बताते चलें कि ‘जेलर 2’ का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है, जो पहले पार्ट के भी डायरेक्टर थे. इस बार सीक्वल फिल्म में एसजे सूर्या, विद्या बालन और मिथुन चक्रवर्ती जैसे नए सितारों की खास एंट्री हुई है. खास बात है कि अब ऋतिक रोशन भी इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बन चुके हैं और उनका फिल्म में सरप्राइज कैमियो है.

