Last Updated:
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद मुंबई पुलिस ने रोहित शेट्टी, दिशा पाटनी और अक्षय कुमार समेत कई सेलेब्स की सुरक्षा बढ़ा दी है. इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अनिल पंडित ने ली है.
टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद दिशा पाटनी समेत कई सितारों की सुरक्षा बढ़ाई गई
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले ने हर किसी को चौंका दिया. जैकी श्रॉफ के बेटे पर हुए हमले के बाद मुंबई पुलिस अलर्ट हो गई है. रोहित शेट्टी से लेकर दिशा पाटनी तक, कई सितारों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. वहीं पुलिस ने कई हाई-प्रोफाइल हस्तियों की सुरक्षा के इंतजाम तेज कर दिए हैं. चलिए बताते हैं आखिर बॉलीवुड के किन सेलेब्स की सुरक्षा के भारी इंतजाम किए गए हैं.
टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद मुंबई के जुहू और बांद्रा इलाके में कई बॉलीवुड सितारों के घरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. मुंबई पुलिस ने बांद्रा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. वहीं, अक्षय कुमार समेत कई सितारों की टीमें भी उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी एहतियाती कदम उठा रही हैं. अक्षय कुमार जैसे सेलेब्स ने खुद से अपनी सुरक्षा को सख्त किया है.
दिशा पाटनी के घर बढ़ी सुरक्षा
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस के बाद मुंबई पुलिस ने दिशा पाटनी के परिवार की सुरक्षा को भी बढ़ाया है. एक्ट्रेस के उत्तर प्रदेश के बरेली वाले घर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम देखने को मिले. अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर CCTV कैमरों और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की. इसके साथ ही, पुलिसकर्मियों को चौबीसों घंटे तैनात किया गया है. बता दें दिशा पाटनी के घर पर 11 सितंबर 2025 को फायरिंग हुई थी.
रोहित शेट्टी के घर भी सुरक्षा कड़ी
टाइगर श्रॉफ से पहले रोहित शेट्टी पर भी हमला हुआ था. उनके जुहू स्थित घर अज्ञातों ने 5 राउंड फायरिंग हुई थी. अब टाइगर श्रॉफ पर हुए गोलीबारी की घटना के बाद एक बार फिर सिंघम फेम डायरेक्टर रोहित शेट्टी की सुरक्षा को बढ़ाया गया.
सलमान खान भी रहे निशाना
रोहित शेट्टी से पहले सलमान खान का मामला सबसे चर्चित रहा है. उनके ऊपर 2024 में हमला हुआ था. तब दो हमलावरों ने गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बालकनी में कई राउंड फायरिंग की थी. इस घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई ने ली थी. उसके बाद से कई बार गैंग सलमान खान को खुलेआम धमकी देते रहे हैं. टाइगर पर हमले के बाद भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से यही धमकाया गया था कि जो भी सलमान खान के साथ देगा उसका यही हाल होगा.
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस के बारे में
एक्टर टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलकर अपने घर जा रहे थे और तभी जुहू के पुष्पा पार्क के पास उनपर गोलियां चलाई गई. इस घटना में एक्टर के ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटो ड्राइवर को चोट लगी. इस घटना के बाद लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप की तरफ से गैंगस्टर अनिल पंडित ने इस घटना की जिम्मेदारी ली.


