संवाददाता@अनिल कुमार अग्रहरी…..

चोपन थाना क्षेत्र के तेलगुड़वा चौराहे के पास मंगलवार की देर शाम वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से बाइक सवार 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोपन पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार परासपानी कोटा निवासी रवि कुमार (19) पुत्र देवशरण मंगलवार की देर शाम पल्सर बाइक से डाला की ओर जा रहा था। बताया गया कि तेलगुड़वा चौराहे से करीब 300 मीटर आगे रेणुकूट की तरफ जाते समय पीछे से आ रहे हाईवा ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रवि सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर मौके से निकलने का प्रयास करने लगा। हालांकि राहगीरों और पुलिस की मदद से हाईवा को पकड़कर रोक लिया गया। सूचना मिलने पर चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी चोपन भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे को लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
