संवाददाता@ख्वाजा खान……
__रेणुकूट-बीजपुर मार्ग के नधिरा जंगल में हुआ दर्दनाक हादसा, विजयदशमी मेले में जा रहे थे आटो सवार

बभनी थाना क्षेत्र के रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर नधिरा मोड़ के समीप मंगलवार को कार और टेंपो की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची बभनी और म्योरपुर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी और म्योरपुर भेजा।

जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार लोग धरतीडांड़ से किरविल में आयोजित विजयदशमी मेले में जा रहे थे। इसी दौरान नधिरा मोड़ के पास सामने से आ रही कार से टेंपो की जोरदार भिड़ंत हो गई। बताया गया कि कार वाराणसी से छत्तीसगढ़-ओडिशा की ओर जा रही थी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों में सवार कई लोग घायल हो गए।

घायलों में अंजली पत्नी राजेश खरवार (35), निवासी नधिरा टोला, सुनील गुप्ता पुत्र भोलानाथ (25), निवासी धरतीडांड़ तथा राजकुमारी पत्नी उदय खरवार (23), निवासी नधिरा पूर्वी टोला समेत कई लोग शामिल हैं। गंभीर घायलों को म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

म्योरपुर सीएचसी में 12 वर्षीय अंकुश पुत्र रामकुमार, निवासी नधिरा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं राजकुमारी को भी चिकित्सकों ने मृत घोषित किया। इसके अलावा 10 वर्षीय लवकुश, दो वर्षीय छोटी, 28 वर्षीय मंजू, डेढ़ वर्षीय शिवांश, 60 वर्षीय फूलमती, 28 वर्षीय पूजा, सात वर्षीय पूर्णिमा, पांच वर्षीय आकृति, पांच वर्षीय अयांश, सात वर्षीय उषा, 37 वर्षीय हीनकुंवर और 45 वर्षीय पानमति घायल बताए गए हैं।

घायलों में कई की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की तैयारी की गई। बभनी सीएचसी में उपचार के बाद सुनील गुप्ता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
