मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा जनसैलाब, विजयादशमी मेले में देर शाम तक रही रौनक

असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक विजयादशमी पर्व मंगलवार को रॉबर्ट्सगंज नगर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नगर के रामलीला मैदान में लगभग 30 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन देखने के लिए दोपहर से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी।

शाम होते-होते पूरा मैदान दर्शकों से खचाखच भर गया। आसपास की ऊंची इमारतों की छतों से भी लोगों ने राम-रावण युद्ध और रावण दहन का दृश्य देखा।

शाम करीब चार बजे राम-रावण युद्ध की लीला शुरू हुई। एक ओर रथ पर सवार रावण अपनी राक्षसी सेना के साथ युद्ध कर रहा था, तो दूसरी ओर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान और वानरी सेना मोर्चा संभाले हुए थे।
दोनों ओर से तीरों की बौछार के बीच कलाकारों ने युद्ध के दृश्यों का जीवंत मंचन किया। रावण के अट्टहास और युद्ध के रोमांचक प्रसंगों ने दर्शकों को बांधे रखा।

सूर्यास्त के समय जब रावण का अंत नहीं हो रहा था, तब विभीषण ने भगवान श्रीराम को उसकी नाभि में अमृत होने का रहस्य बताया। इसके बाद प्रभु श्रीराम ने धनुष उठाकर रावण की नाभि पर बाण चलाया।

बाण लगते ही रावण का पुतला धू-धूकर जल उठा। आतिशबाजी और जय श्रीराम के गगनभेदी जयकारों से पूरा मैदान और नगर गुंजायमान हो उठा। लोगों ने इस दृश्य को उत्साह के साथ देखा और एक-दूसरे को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।

विजयादशमी के अवसर पर रामलीला मैदान के आसपास और बाजार में मेला लगा रहा। मेले में खानपान, मिठाई, खिलौने और अन्य सामान की दुकानों पर लोगों की आवाजाही बनी रही।

बच्चों ने खिलौनों और मनपसंद वस्तुओं की खरीदारी की, जबकि परिवारों ने मेले का आनंद लिया। पर्व के चलते नगर में उत्सव जैसा माहौल रहा।

इस अवसर पर पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, सदर विधायक भूपेश चौबे, डॉ. धर्मवीर तिवारी, हर्ष अग्रवाल, श्रीरामलीला समिति के संरक्षक जितेंद्र सिंह, अध्यक्ष पवन जैन, कोषाध्यक्ष राकेश गुप्ता,

उपाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, कौशल शर्मा, राजेश जायसवाल, रमेश पटेल, जगदंबा प्रसाद, आनंद मिश्रा, बच्चन, जसकीरत, प्रशांत जैन, दिलकरण सिंह और चंदन केसरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
