मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, सोनभद्र नगर की ओर से रामलीला मैदान में विजयादशमी उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में शामिल हुए।

शुभारंभ प्रभु श्रीराम, भारत माता और संघ संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित करने तथा शस्त्र पूजन के साथ हुआ।

कार्यक्रम में प्रांत बौद्धिक प्रमुख कुलदीप जी, जिला संघचालक हर्ष अग्रवाल और नगर संघचालक संगम मंचासीन रहे। बौद्धिक उद्बोधन में कुलदीप जी ने कहा कि विजयादशमी संगठन, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना जागृत करने का पर्व है।

उन्होंने कहा कि समाज को सशक्त बनाने के लिए अपनी परंपराओं और जीवन मूल्यों के प्रति श्रद्धा रखते हुए उन्हें आचरण में उतारना आवश्यक है।

उन्होंने स्वयंसेवकों से सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने, सामाजिक एकता मजबूत करने और अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। कहा कि विजयादशमी अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देती है।

जिला प्रचार प्रमुख नीरज के अनुसार, कार्यक्रम में सोनभद्र विभाग प्रचारक उपेंद्र, सेवा प्रमुख अवध, नगर प्रचारक विशाल, नगर कार्यवाह विश्वनाथ,प्रमोद गुप्ता, कीर्तन सिंह, मनीष, तारकेश्वर सिंह सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे। उत्सव में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और समाजसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का संकल्प लिया गया।
