मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..सपा के पूर्व विधायक और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ने लिया जायजा, मंडी सचिव से की मुलाकात

रॉबर्ट्सगंज नवीन सब्जी मंडी में सोमवार की रात लगी आग से दुकानदारों और किसानों को हुए नुकसान के बाद मंगलवार को पूर्व सदर विधायक सपा अविनाश कुशवाहा और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों नेताओं ने अलग-अलग मंडी पहुंचकर प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात की और मंडी सचिव रविकांत ओझा से वार्ता कर नुकसान, मुआवजे तथा मंडी की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।

गौरतलब है कि सोमवार की रात करीब 11 बजे मंडी परिसर में अज्ञात कारणों से आग लग गई थी। आग की चपेट में आने से आलू, प्याज, लहसुन की बोरियां, फल-सब्जियों की पेटियां, कई दुकानें और ठेले जलकर नष्ट हो गए। परिसर में खड़े दो बाइक और एक कार भी आग की चपेट में आ गए। अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
मंगलवार को घटनास्थल पहुंचे सपा पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने नुकसान पर चिंता जताते हुए कहा कि आग से किसानों और व्यापारियों को काफी क्षति हुई है। उनके अनुसार, करीब 30 से 40 किसानों की उपज प्रभावित हुई है। उन्होंने घटना की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कराने, आग लगने के कारणों का पता लगाने और यदि किसी की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है तो कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने प्रभावित किसानों और दुकानदारों को सरकार की ओर से उचित मुआवजा देने के साथ मंडी में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने की बात भी कही। इसके अलावा उन्होंने मंडी में छोटे फुटकर दुकानदारों को दुकान लगाने की अनुमति देने का मुद्दा भी उठाया।

वहीं, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा को दी गई है। उनके अनुसार, मंत्री ने जिलाधिकारी से वार्ता कर पीड़ित व्यापारियों को नियमानुसार मुआवजा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मंडी सचिव से नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजने का आग्रह किया, ताकि प्रभावित व्यापारियों को जल्द राहत मिल सके। इस दौरान उनके साथ अरविंद पांडेय, मनीष अग्रहरि और योगेश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

मंडी सचिव रविकांत ओझा ने बताया कि आग सोमवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच लगी थी। आग लगने के कारणों की जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने कहा कि मंडी परिसर में अराजक तत्वों के आने-जाने की शिकायतें रहती हैं। सीसीटीवी निगरानी के संबंध में उन्होंने बताया कि करीब 10-15 दिन पहले आई आंधी के दौरान तार क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिन्हें ठीक कराया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सचिव ने बताया कि वर्तमान में तैनात पीआरडी जवानों के स्थान पर भूतपूर्व सैनिक कल्याण निगम के माध्यम से सुरक्षा गार्ड रखने की तैयारी की जा रही है। वहीं, मुआवजे के संबंध में उन्होंने कहा कि दुकानदारों का व्यक्तिगत बीमा मंडी समिति की ओर से नहीं कराया जाता है, लेकिन विभागीय प्रावधानों के तहत प्रभावितों को अधिकतम संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

मंडी में अतिक्रमण हटाने को लेकर दुकानदारों की शिकायतों पर उन्होंने कहा कि निदेशक के निर्देश पर ‘स्वच्छ मंडी, शुभ मंडी’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत अवैध अतिक्रमण हटाने और साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अग्निकांड के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास होगा।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच और नुकसान के आकलन का इंतजार है। प्रभावित दुकानदारों और किसानों की निगाहें अब प्रशासनिक कार्रवाई तथा मुआवजे को लेकर होने वाले निर्णय पर टिकी हैं।
