@जे0 के0/सौरभ गोस्वामी……
— तीन दरवाजे का ताला तोड़कर लाकर तक पहुंचे चोर, त्यौहार की खुशियां गम में बदली

Sonbhadra । ओबरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर तीन सिद्धार्थ नगर गजराज नगर में दशहरा पर्व पर परिवार के लोग घर में ताला लगाकर गाँव गए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी व लॉकर तोड़कर करीब ढाई लाख रुपये नकद समेत छह से सात लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह घर पहुंचने पर हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

पीड़ित परिवार के मुताबिक, दशहरा पर्व के चलते वह सोमवार दोपहर करीब एक बजे घर में ताला बंद कर रिश्तेदारी में गए थे। मंगलवार सुबह करीब सात बजे उन्हें घर का ताला टूटे होने की सूचना मिली। परिवार के लोग तत्काल घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा पड़ा था। अंदर जाने पर कमरे का सामान अस्त-व्यस्त मिला। अलमारी और लॉकर के ताले भी टूटे हुए थे।
पीड़ित ने बताया कि चोर करीब ढाई लाख रुपये नकद के अलावा गले का हार, कान के टॉप्स, झुमके, चार से छह जोड़ी पायल, कमरधनी और दो अंगूठियां समेत अन्य जेवरात चोरी कर ले गए। परिवार ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब छह से सात लाख रुपये बताई है।
चोरों ने घर के कई तालों को सरिया या सबल की मदद से तोड़ा।

घटनास्थल पर दीवार पर खून के निशान भी मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि ताला तोड़ते समय किसी चोर के हाथ में चोट लगी होगी।
घटना की सूचना पर 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में दहशत का माहौल है।

बता दें कि वारदात वाली जगह पर अगल-बगल मकान बने हैं, परिवार भी अंदर रहता है लेकिन चोरों ने कितने सलीखे से काम को अंजाम दिया कि किसी को इसकी ना तो आवाज सुनाई थी और ना ही चोरी की वारदात की भनक लग सकी, इस तरह की घटना सामने आने के बाद रिहायशी इलाके में एक भय सा माहौल बन गया है, अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस चुनौती को स्वीकार करते हुए चोरों के गिरहबान तक कब पहुंचती है।