संवाददाता@मिथिलेश जायसवाल……
— पूजा समिति के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं के बीच कराया प्रसाद वितरण, धार्मिक आयोजन में दिखी आस्था और भाईचारे की झलक

कोन क्षेत्र के ग्राम पंचायत किशुनपुरवा के टोला दुसवानी में नौ दिवसीय दुर्गा पूजा कार्यक्रम के समापन के उपरांत पूजा समिति की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। नौ दिनों तक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ चले धार्मिक कार्यक्रम के बाद आयोजित भंडारे में ग्राम पंचायत किशुनपुरवा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और मां दुर्गा का प्रसाद ग्रहण किया।

नवरात्रि के अवसर पर आयोजित दुर्गा पूजा के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। नौ दिवसीय पूजा कार्यक्रम के समापन पर आयोजित भंडारे में ग्रामीणों एवं आसपास के श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया था। इस दौरान लोगों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय कनौजिया, महामंत्री शंकर प्रसाद जायसवाल, कोषाध्यक्ष जयप्रकाश पासवान, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य नन्हकू लाल पासवान, रूपेश कुमार एवं विनेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से जुटे रहे।

समिति के सदस्यों ने आपसी सहयोग और समर्पण के साथ धार्मिक आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। भंडारे में श्रद्धालुओं की सहभागिता से क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का सुंदर संदेश देखने को मिला।
नौ दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन के सफल समापन पर आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
