संवाददाता@मिथिलेश जायसवाल….

वाराणसी स्नातक एवं शिक्षक खंड एमएलसी चुनाव को लेकर सोमवार को जनपद सोनभद्र के कोन क्षेत्र में प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा का आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने स्नातक खंड एमएलसी प्रत्याशी केदारनाथ सिंह एवं शिक्षक खंड एमएलसी प्रत्याशी डॉ. प्रमोद मिश्रा के समर्थन में मतदाताओं और समर्थकों से संपर्क कर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की।

कार्यक्रम की शुरुआत कोन क्षेत्र के गौरसिंहा स्थित हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज में आयोजित प्रबुद्धजनों की गोष्ठी से हुई। गोष्ठी में कॉलेज के प्रबंधक शिवनारायण गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी दुद्धी श्रवण गौड़, पूर्व जिला महामंत्री सुरेंद्र अग्रहरि, राकेश तिवारी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख वंशीधर सहित मंडल अध्यक्ष रामलाल चेरो,कुड़वा के प्रधान सुजीत कुमार उर्फ बुल्लु यादव ,ग्राम प्रधान किशुनपुरवा जितेंद्र भारती एवं अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री सुरेंद्र अग्रहरि ने वाराणसी स्नातक खंड एमएलसी प्रत्याशी केदारनाथ सिंह एवं वाराणसी शिक्षक खंड एमएलसी प्रत्याशी डॉ. प्रमोद मिश्रा को प्रथम वरीयता का मत देकर विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने मतदाताओं को मतदान की सही प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि पिछले चुनाव में मतदान के गलत तरीके के कारण भाजपा प्रत्याशियों को नुकसान उठाना पड़ा था। इस बार मतदाता विशेष सावधानी बरतें, ताकि ऐसी चूक दोबारा न हो।

उन्होंने कहा कि वाराणसी क्षेत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है। ऐसे में भाजपा प्रत्याशियों केदारनाथ सिंह और डॉ. प्रमोद मिश्रा को विजयी बनाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों को मजबूत करने का कार्य होगा।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि यदि किसी को भाजपा के किसी पदाधिकारी से व्यक्तिगत नाराजगी भी हो, तो उसे अलग रखते हुए देशहित और पार्टी के व्यापक उद्देश्यों को ध्यान में रखकर दोनों प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करें।

गोष्ठी के उपरांत प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा एवं भाजपा पदाधिकारियों ने पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील जायसवाल के आवास पर पहुंचकर सहभोज किया। इसके बाद सभी लोग अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।
प्रभारी मंत्री के आगमन के दौरान कोन थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे.