चुर्क संवाददाता@संजय सिंह…

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा प्रशासन इस बार पहले से ही सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में नगर पंचायत कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुर्क नगर एवं आसपास के क्षेत्र के दुर्गा पूजा पंडालों के अध्यक्षों और महामंत्रियों के साथ विसर्जन की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।

हर साल दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान चुर्क रेलवे ओवरब्रिज पर लगी बैरिकेडिंग को हटवाने में परेशानी होती थी। पिछले वर्ष नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा और रेलवे प्रशासन के बीच घंटों बातचीत के बाद बैरिकेडिंग हटाई जा सकी थी। इस समस्या को देखते हुए इस बार नगर पंचायत ने पहले से ही रेलवे के अधिकारियों से पत्राचार शुरू कर दिया था।

नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा के चेयरमैन प्रतिनिधि ओम प्रकाश यादव ने बताया कि इस बार विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए रेलवे के उच्च अधिकारियों से पहले ही पत्राचार किया जा रहा था। इसी का परिणाम रहा कि देर शाम रेलवे प्रशासन द्वारा ओवरब्रिज पर लगाई गई बैरिकेडिंग हटवा दी गई। यह बैरिकेडिंग भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए लगाई गई थी।

बैरिकेडिंग हटाए जाने के बाद क्षेत्र के दुर्गा पूजा पंडालों से जुड़े लोगों में चर्चा है कि इस बार प्रशासन विसर्जन व्यवस्था को लेकर पहले से ही गंभीरता दिखा रहा है। समय रहते की गई इस पहल से प्रतिमा विसर्जन के दौरान आवागमन और व्यवस्था बनाए रखने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। अब सभी की निगाहें विसर्जन के दिन प्रशासन की व्यवस्थाओं पर टिकी हैं, ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।