@जे0 के0…..
— बच्चे को बचाने पहुंचे पिता को भी बनाया निशाना, सीएचसी में हुआ उपचार

Sonbhadra। चोपन थाना क्षेत्र के सरपटवा गांव में रविवार को सियार के हमले से करीब 10 लोग घायल हो गए। सुबह से देर रात तक हुई घटनाओं में बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सियार के हमले का शिकार बने। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के साथ एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई।
बताया गया कि एक ग्रामीण अपने परिवार और बच्चे के साथ जा रहा था। इसी दौरान सियार ने अचानक बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चे को बचाने के लिए पिता आगे बढ़े तो सियार ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में बच्चे की पीठ और पैर तथा पिता के हाथ, उंगली और चेहरे पर चोट आई। घटना के बाद दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. फैज के अनुसार, रविवार देर रात तक सियार के काटने के लगभग 10 मामले सामने आए। सभी घायल सरपटवा क्षेत्र के बताए गए हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी घायल की हालत गंभीर नहीं थी।
सभी का उपचार करने के बाद एआरवी का टीका लगाया गया और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई।
चिकित्सकों ने जंगली जानवर के काटने की स्थिति में घाव को तत्काल साबुन और पानी से अच्छी तरह धोने तथा बिना देरी किए अस्पताल पहुंचने की सलाह दी है।

एक ही दिन में सियार के हमले से बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने से सरपटवा गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सियार की मौजूदगी का पता लगाने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।