संवाददाता@ख्वाजा खान…..

बभनी ब्लाक के घघरी ग्राम पंचायत में आयोजित ऐतिहासिक रामलीला के नौवें दिन रविवार की रात मुख्य अतिथि के रूप में सांसद छोटेलाल खरवार पहुंचे। उन्होंने फीता काटकर नौवें दिन की रामलीला का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान रामलीला समिति के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने सांसद का भव्य स्वागत किया।
रामलीला समिति के अध्यक्ष प्रदीप पटेल और ग्राम प्रधान कृष्णानंद सोनी ने सांसद को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को सांसद के समक्ष रखा।

ग्राम प्रधान कृष्णानंद सोनी ने रामलीला के लिए पक्के नवीन मंच, छठ घाट और श्मशान घाट के निर्माण की मांग रखी। वहीं जनप्रतिनिधि अशोक सिंह खरवार ने वर्षों से बदहाल पड़े मुख्य संपर्क मार्ग की समस्या से सांसद को अवगत कराया।
सांसद छोटेलाल खरवार ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए कहा कि जनहित और क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इन मांगों को संसद में भी मजबूती से उठाया जाएगा।

अपने संबोधन में सांसद ने भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र, आदर्शों, भ्रातृत्व प्रेम और मर्यादा का उल्लेख करते हुए लोगों से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने रामलीला में अभिनय कर रहे स्थानीय युवा कलाकारों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रामलीला के नौवें दिन स्थानीय कलाकारों ने माता सीता की खोज और लंका दहन प्रसंग का सजीव मंचन किया। मंचन देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे और पूरे परिसर में जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे।
इस अवसर पर रामलीला समिति के अध्यक्ष प्रदीप पटेल, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार खरवार, उपकोषाध्यक्ष मनोज प्रजापति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं दर्शक मौजूद रहे।