संवाददाता@रामबली मिश्रा…..

माँ मंगला गौरी दुर्गा पूजन समिति मध्धुपुर के तत्वावधान में जनकल्याण के उद्देश्य से रविवार की रात विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। पहली बार आयोजित हुए इस कवि सम्मेलन में सैकड़ों श्रोताओं ने पूरी रात कवियों की रचनाओं का आनंद लिया। कार्यक्रम का संयोजन नव प्रवाह साहित्यिक मंच सोनभद्र द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कवयित्री एवं शिक्षिका दिव्या राय ने मां शारदे की वंदना से किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शहीद स्थल करारी के प्रमुख प्रद्युम्न त्रिपाठी ने की। उन्होंने सामाजिक सौहार्द का संदेश देते हुए पढ़ा— “रहें मिलजुल के सभी आदमी बनकर, बहार खिलती रहे बंजर की बात मत करिये।” उनकी रचना ने श्रोताओं को सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों पर सोचने को विवश किया।

वाराणसी से आए कवि नाथ सोनांचली ने प्रभावी संचालन के साथ अपनी रचनाओं से खूब तालियां बटोरीं। उन्होंने कहा— “हम अपने हाथ में जब भी कलम उठाते हैं, तो हाकिमों के कलेजे भी कांप जाते हैं।” वहीं दिव्या राय ने नारी सशक्तिकरण पर आधारित रचना प्रस्तुत कर महिलाओं के सपनों और अधिकारों को स्वर दिया।
चंदौली से आए बंधू पाल बंधू ने हास्य-व्यंग्य से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। गोपाल कुशवाहा ने सामाजिक संवेदनाओं को अपनी रचनाओं में पिरोते हुए श्रोताओं की खूब वाहवाही लूटी। मिर्जापुर से आए हास्य-व्यंग्य कवि नर सिंह साहसी ने फिल्मी पैरोडी और समसामयिक कटाक्षों से महफिल में रंग भर दिया।
दिवाकर द्विवेदी ‘मेघ’ ने इंसानियत और सामाजिक विसंगतियों पर तीखा प्रहार किया। वाराणसी के प्रवक्ता डॉ. छोटेलाल ‘मनमीत’ ने आम आदमी की पीड़ा और संघर्ष को अपनी रचना के माध्यम से स्वर दिया। वहीं शायर अशोक तिवारी ने कौमी एकता का संदेश देते हुए कहा— “न तेरा है न मेरा है, ए हिंदुस्तान सबका है।”

शिक्षक राधेश्याम पाल ‘श्याम’ ने सामाजिक आडंबरों पर सवाल उठाते हुए श्रोताओं को चिंतन के लिए मजबूर किया। प्रमोद कुमार निर्मल ने वीर रस की रचनाओं से माहौल को देशभक्ति से भर दिया और श्रोताओं से जय हिंद तथा वंदे मातरम् के उद्घोष कराए। कवि सम्मेलन भोर तक चलता रहा। विभिन्न वर्गों और समुदायों के सैकड़ों लोग पूरी रात कार्यक्रम में मौजूद रहकर कवियों का उत्साहवर्धन करते रहे।
इस दौरान रवि सेठ, राजू चौरसिया, विकास, मृत्युंजय, अनिल चौरसिया, फारुक अली, मोहन कुशवाहा, दिनेश, अरविंद, प्रदीप, सुरेश, प्रीतम, कमलेश सहित ग्राम प्रधान बीडीसी ऊषा देवी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
