मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..पूजा पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, रंग-बिरंगी रोशनी और भव्य सजावट बनी आकर्षण; डीएम-एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

शारदीय नवरात्रि की महाष्टमी पर रविवार को रॉबर्ट्सगंज नगर में दुर्गा पूजा मेले की धूम रही। मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शाम सात बजे से ही पूजा पंडालों में दर्शनार्थियों के पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया।

रात नौ बजे तक पूरा बाजार श्रद्धालुओं और मेला घूमने आए लोगों से गुलजार हो उठा। चारों ओर उत्साह, रौनक और भक्तिमय माहौल देखने को मिला।

नगर के दुर्गा पूजा पंडालों में आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। भव्य सजावट के बीच विराजमान मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचते रहे। युवाओं में मेले को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

कई युवा और परिवार पंडालों की आकर्षक सजावट के बीच सेल्फी लेते और यादगार पल कैमरे में कैद करते नजर आए। खानपान और खिलौनों की दुकानों पर भी लोगों की चहल-पहल बनी रही।

महाष्टमी के अवसर पर रॉबर्ट्सगंज नगर के विभिन्न स्थानों पर कन्या पूजन के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया और उपहार भेंट किए।

कन्याओं में देवी स्वरूप का दर्शन करते हुए लोगों ने मां दुर्गा से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कन्या पूजन के आयोजनों से नगर का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

नवरात्रि और दुर्गा पूजा के मद्देनजर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रविवार को रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

अधिकारियों ने अग्निशमन उपकरणों, सीसीटीवी कैमरों और निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं का आवागमन सुचारु रखने के निर्देश दिए।

भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात सुगम बनाने के लिए ई-रिक्शा एवं चार पहिया वाहनों के मार्ग में बदलाव किया गया। यातायात पुलिस ने व्यवस्था संभाली। प्रशासन ने लोगों से पर्व को आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

महाष्टमी पर उमड़ी भीड़ ने रॉबर्ट्सगंज में नवरात्रि उत्सव की रौनक बढ़ा दी। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच देर रात तक नगर में मेले जैसा माहौल बना रहा।